हल्द्वानी में सनसनी: खनन कारोबारी ने खुद को मारी गोली, मौत

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के पास स्थित चोरगलिया थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां गजेपुर गांव निवासी खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कमलेश बेलवाल अपनी मां, पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। सोमवार देर रात घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। विवाद के कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े, जहां कमलेश बेलवाल खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके पास उनकी लाइसेंसी पिस्टल भी पड़ी थी। परिजन उन्हें आनन-फानन में हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है।