उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर छिद्दरवाला रेड सिग्नल के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार 18 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन को लालतप्पड़ क्षेत्र में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे छिद्दरवाला रेड सिग्नल से कुछ दूरी पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही चीता पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक डंपर को लालतप्पड़ क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कोटद्वार निवासी अनिकेत गुसाईं (18) पुत्र दीपक गुसाईं के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है और मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



Subscribe Our Channel











