उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने काशीपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के नेटवर्क का खुलासा किया है। संयुक्त अभियान के दौरान कटोराताल क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार, 237 कारतूस, चार मैगजीन और सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह कार्रवाई की गई। गोपनीय सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार रखे गए हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और ऊधमसिंह नगर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर वाहन को कब्जे में लिया।
तलाशी के दौरान कार से 12 बोर की पम्प एक्शन बंदूक, .22 बोर की सेमी ऑटोमैटिक राइफल, .32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, .32 बोर का रिवॉल्वर और विभिन्न बोर के 237 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा सात कूटरचित शस्त्र लाइसेंस और चार मैगजीन भी मिलीं।
पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री का संबंध काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल से पाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियार राष्ट्रीय सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
एसटीएफ की जांच अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है और जांच में सामने आने वाले सभी मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











