सीसीटीवी से निगरानी, ATS की तैनाती: बदरीनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा सख्त

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। इसी क्रम में 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधिवत खोल दिए जाएंगे। यात्रा के दौरान भारी संख्या में तीर्थयात्रियों के आने की संभावना को देखते हुए चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। धाम क्षेत्र में बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इसके साथ ही पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार की जा रही है और नियमित रूप से चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आतंकवादी निरोध दस्ता (ATS) को भी तैनात किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे, जिसके बाद अब चारधाम यात्रा अपने पूरे चरम पर पहुंच रही है।