स्वेटर और जैकेट वापस निकालो! उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए ठंड का अहसास फिर बढ़ा दिया है। जहां मैदानी इलाकों में बारिश हुई, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने नजारा पूरी तरह बदल दिया। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम समेत पहाड़ी इलाकों में बर्फ से ढके पहाड़ और रास्ते बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहे हैं।

लगातार हो रही बर्फबारी के कारण ठंड में खासा इजाफा हुआ है। लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। वहीं देहरादून और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में रातभर हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार सुबह से ही ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास कराया, जिससे स्वेटर और जैकेट दोबारा पहनने पड़े।

बारिश का असर जनजीवन पर भी पड़ा। दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई।

मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि फिलहाल मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। राज्य के पहाड़ी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार से मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है, जबकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है।

तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई गई है।