जंगल बना जंग का मैदान: वन टीम पर हमला और असलहा छीना

10
खबर शेयर करें -

नैनीताल जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में वन विभाग की टीम के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और असलहा छीनने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना 6 अप्रैल की सुबह की बताई जा रही है, जिसके आधार पर 7 अप्रैल की देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया।

वन बीट अधिकारी विमल चौधरी (उत्तरी लोअर कोसी रेंज) ने तहरीर में बताया कि वह अपने सहयोगी रिंकू श्रमिक के साथ नियमित गश्त पर थे। टीम कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर नजर रख रही थी। सुबह करीब 7:20 बजे आरक्षित वन क्षेत्र में खनन निकासी गेट के पास कुछ वाहन संदिग्ध गतिविधियों में लगे दिखाई दिए।

वन टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-केकड़ा वाहन को पकड़ लिया और उसे अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान वाहन मालिक अरुणपाल, निवासी ग्राम जस्सा गाजा, अपने साथ 3 से 5 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और कार्रवाई का विरोध करने लगा।

आरोप है कि उन्होंने वन कर्मियों के साथ अभद्रता की, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। इसी बीच अरुणपाल ने एक वनकर्मी से 315 बोर का असलहा और मैगजीन में रखे चार कारतूस छीन लिए।

इसके बाद आरोपित ट्रैक्टर-केकड़ा वाहन को जबरन छुड़ाकर मौके से फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी और भाग निकले। बाद में कुछ दूरी पर जंगल की झाड़ियों में असलहा और कारतूस बरामद हुए, जिनके साक्ष्य के रूप में फोटो भी सुरक्षित रखे गए हैं।

वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।