उत्तराखंड के देहरादून जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगलों में मिली एक अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के पति ने ही की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
11 मार्च को जंगल में एक कट्टे में बंद महिला का शव मिला था, जो काफी सड़ चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कीं और करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही आसपास की झुग्गी-बस्तियों में भी जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक निर्माणाधीन मकान में काम करने वाला मजदूर, जो अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहता था, उसकी पत्नी होली के बाद से गायब है। ठेकेदार से पूछताछ में पता चला कि मजदूर रंजीत शर्मा की दो पत्नियां हैं। उसकी पहली पत्नी रूपा हाल ही में उसके पास आई थी, जबकि उसने दूसरी शादी भी कर रखी थी।
आरोपी ने 8 मार्च को ठेकेदार से बाइक और पैसे लेकर पत्नी को बिहार भेजने की बात कही, लेकिन असल में उसने अपनी पहली पत्नी की हत्या कर दी थी। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने 5 मार्च की रात गुस्से में आकर रूपा का गला घोंट दिया, क्योंकि वह उसे दूसरी पत्नी को छोड़ने के लिए दबाव बना रही थी।
हत्या के बाद उसने शव को कई दिनों तक कमरे में छिपाकर रखा और बाद में जंगल में फेंक दिया। इसके बाद उसने अपनी दूसरी पत्नी को देहरादून बुला लिया और सामान्य जीवन जीने की कोशिश करता रहा। हालांकि, पुलिस की गहन जांच के बाद वह पकड़ा गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।



Subscribe Our Channel











