रफ्तार का कहर: ट्रक ने ली जान, भड़की भीड़ ने जला डाला 12 टायरा ट्रक

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

घटना कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक गांव की है। यहां के रहने वाले जयपाल सिंह (उम्र लगभग 60 वर्ष) सुबह अपनी बाइक से किसी काम से घर से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खनन सामग्री से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान होते ही क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया। लोगों ने हादसे के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और ट्रक संख्या UP21 CT 6334 को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस और काशीपुर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया और आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को भी बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि मृतक जयपाल सिंह दूध का कारोबार करता था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।