युवाओं ने पूछा- रोजगार कहां है? नितिन नवीन के संवाद में गूंजा पलायन का बड़ा सवाल

6
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को हल्द्वानी में युवाओं से संवाद कर उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश की समस्याओं के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की योजनाओं और उनके असर को लेकर भी सवाल किए।

युवाओं ने सबसे प्रमुखता से पलायन की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की कमी के चलते बड़ी संख्या में युवा उत्तराखंड से बाहर जाने को मजबूर हैं। इससे पहाड़ के गांवों में आबादी का संकट बढ़ रहा है और स्थानीय स्तर पर विकास की गति भी प्रभावित हो रही है।

नितिन नवीन ने पलायन को उत्तराखंड की गंभीर चुनौतियों में शामिल बताते हुए कहा कि इसका स्थायी समाधान स्थानीय स्तर पर रोजगार और अवसर बढ़ाने से ही संभव है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। नितिन नवीन ने कहा कि युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि बेहतर समाज और मजबूत उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। संवाद में युवाओं ने प्रदेश के विकास और भविष्य को लेकर कई अन्य सुझाव और सवाल भी रखे।