उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो लोगों की जान चली गई। दोनों व्यक्ति एक पार्टी से लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
यह हादसा किच्छा क्षेत्र के पुल भट्ठा थाना अंतर्गत दरऊ चौक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 62 वर्षीय मोहन स्वरूप और करीब 45 वर्षीय हसिक अहमद के रूप में हुई है। दोनों रामपुर जिले के लखीमीपुर गांव के रहने वाले थे और पंतनगर के फूलबाग इलाके में एक परिचित के यहां आयोजित पार्टी में शामिल होने आए थे।
बताया जा रहा है कि देर रात भोजन के बाद जब दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी दरऊ चौक के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोहन स्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हसिक अहमद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



Subscribe Our Channel











