रूस की राजधानी मॉस्को से थाईलैंड जा रही एक फ्लाइट में एक नशेड़ी युवक की हरकत से सहयात्रियों की सांसें थम गईं। पूरी खबर वायरल हो रही है।
विमान जब 33 हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था तो उसमें सवार एक नशेड़ी युवक इमरजेंसी गेट खोलने लगा। इससे विमान में बैठे सभी यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। रूस की नॉर्डविंड एयरलाइंस का बोइंग 777 यात्री विमान मॉस्को से फुकेट जा रहा था। उड़ान भारन के कुछ ही घंटे बाद एक नशे में धुत यात्री विमान के इमरजेंसी गेट के पास पहुंचा और उसे खोलने लगा।

विमान में मौजूद चालक दल के सदस्यों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वे विफल रहे। इसके बाद डॉक्टर को बुलाया गया लेकिन वह भी उसे काबू में नहीं कर पाए। ऐसे में विमान में मौजूद सात अन्य यात्रियों ने हिम्मत दिखाई और उस नशेबाज यात्री को खाना पैक करने वाली क्लिंग फिन से लपेट दिया। इसके बाद ही उसे नियंत्रण में किया जा सका। इसके बाद विमान की उज्बेकिस्तान में आपात लैंडिंग कराई गई और उसे पुलिस को सौंप दिया गया।







