भरोसे की टैक्सी बनी खौफनाक सफर: नैनीताल जाते वक्त युवती से दुष्कर्म का प्रयास

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हल्द्वानी और नैनीताल मार्ग पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां दिल्ली से घूमने आई एक युवती के साथ टैक्सी चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की। किसी तरह युवती उसके चंगुल से छूटकर नंगे पैर जंगल की ओर भाग गई और पूरी रात डर के साये में छिपकर बिताई।

पीड़िता के अनुसार वह प्रकृति प्रेमी है और अक्सर शांत जगहों पर घूमने जाती है। इसी कारण वह नैनीताल घूमने आई थी। उसे उम्मीद थी कि पहाड़ों की शांति उसे सुकून देगी, लेकिन रास्ते में हुई इस घटना ने उसे बुरी तरह डरा दिया।

युवती ने बताया कि उसने गुरुवार को हल्द्वानी निवासी टैक्सी चालक दीपक बोरा की टैक्सी किराये पर ली थी। नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर पहले चालक ने कार को पटवाडांगर मार्ग की ओर सुनसान जंगल की तरफ मोड़ दिया। विरोध करने पर उसने गाड़ी तेज भगा दी और करीब दो किलोमीटर आगे ले जाकर युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन भी छीन लिया।

पीड़िता के मुताबिक चालक उस समय नशे में था। विरोध के दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी बीच युवती किसी तरह टैक्सी से उतरकर नंगे पैर ही जंगल की ओर भाग निकली। आरोपी ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन युवती सड़क के नीचे बने एक कलवर्ट में छिप गई और पूरी रात वहीं दुबकी रही।

युवती ने बताया कि हर आहट पर उसका दिल जोर-जोर से धड़कने लगता था। उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस टैक्सी चालक पर उसने भरोसा किया, उसके इरादे इतने खतरनाक होंगे। डर के कारण वह अंधेरे जंगल में काफी दूर तक भागती रही ताकि आरोपी की नजरों से दूर रह सके। ठंड और भय के बीच उसने पूरी रात किसी तरह काटी।

सुबह उजाला होने पर उसने हिम्मत जुटाई और सड़क की ओर निकलकर मदद मांगी। बल्दियाखान क्षेत्र में एक महिला को उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मामले में जानकारी देते हुए डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा, पुत्र नंदन सिंह बोरा, निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर लामाचौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में मनोज सिंह नयाल (एसओ तल्लीताल), सतीश उपाध्याय (एसआई), बबीता, एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन और परमजीत सिंह शामिल रहे।