उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक प्रॉपर्टी डीलर डेटिंग ऐप पर युवती से दोस्ती करने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गया। युवती ने निवेश का झांसा देकर करीब 76 लाख 90 हजार रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, तीन नवंबर 2025 को प्रॉपर्टी डीलर की मुलाकात डेटिंग ऐप पर एक युवती से हुई, जिसने अपना नाम अंकित सिंह बताया। बातचीत के दौरान दोनों ने व्हाट्सएप नंबर साझा किया।
8 दिसंबर 2025 को युवती ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग का जानकार बताया और इसके फायदे गिनाए। अगले दिन युवती ने फॉरेक्स अकाउंट बनाया और प्रॉपर्टी डीलर ने इसमें पहले 90 हजार रुपए निवेश किए। बाद में युवती ने और रकम जमा करने का दबाव डालना शुरू कर दिया।
प्रॉपर्टी डीलर के ट्रेडिंग प्रोफाइल पर जमा राशि और मुनाफा दिखता रहा, जिससे उसे भरोसा हुआ। लेकिन 22 दिसंबर 2025 को जब उसने रकम निकालने की कोशिश की, तो उसे दो लाख 12 हजार रुपए और जमा करने के लिए कहा गया। इसके बाद 28 जनवरी 2026 को युवती ने कहा कि 30% इनकम टैक्स एडवांस के तौर पर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में जमा करना होगा। इस तरह प्रॉपर्टी डीलर ने कुल 76 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित को तब समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी भी जांच की जा रही है।



Subscribe Our Channel











