तीनपानी फ्लाईओवर पर कार पलटने से दो युवकों की मौत, युवक-युवती घायल

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कार संख्या यूके 02 ए 2544 में चार लोग सवार थे। सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, फ्लाईओवर पर कार अनियंत्रित होने के बाद सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक और युवती का उपचार जारी है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों के होश में आने के बाद उनके बयान दर्ज कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कार के अनियंत्रित होने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।