उत्तराखंड में कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल को रोकने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता सक्रिय हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अवकाश संबंधी बयानों से असहज कांग्रेस फिलहाल डैमेज कंट्रोल मोड में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मीडिया से कहा कि पार्टी में कोई फूट नहीं है और कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने हरीश रावत को पार्टी के लिए “चट्टान और बड़ा आधार” करार दिया और कहा कि उनके अनुभव और आस्था पर किसी को सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
गोदियाल ने भाजपा नेताओं के पार्टी छोड़ने और कांग्रेस ज्वाइन करने की खबरों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि उनके पास 18 नामों की लिस्ट है और हर महीने 5 से 7 नेता कांग्रेस में शामिल होंगे। हाल ही में सात भाजपा नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ली थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने गुटबाजी की अफवाहों को भी खारिज किया और कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां हर किसी को बात रखने का हक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छोटी बातों को बड़ा करके विवादित रूप में पेश कर रही है।
गोदियाल ने बताया कि पार्टी में शामिल होने वाले कई बड़े नेता उनके संपर्क में हैं और सही समय आने पर ज्वाइन करेंगे। सूची में वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं और हाईकमान के पहले चरण में छह नेताओं की ज्वाइनिंग कराई गई है। पार्टी अब उन्हीं उम्मीदवारों पर दांव लगा रही है, जिनकी सर्वे रिपोर्ट में जीत की संभावना अधिक है।



Subscribe Our Channel











