उत्तराखंडः नाले में पड़ा मिला पिकअप चालक का शव, पुलिस जांच में जुटी

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक पिकअप चालक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, लाइन जीवनगढ़ क्षेत्र में एक होटल के पास नाले में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान सुनील (35) के रूप में हुई। सुनील कालसी कोतवाली क्षेत्र के रिखाड़ गांव का रहने वाला था और पिकअप वाहन चलाता था।

पुलिस के मुताबिक, शव नाले में मुंह के बल गिरा हुआ था और सिर के पीछे चोट के निशान भी मिले हैं। घटनास्थल के पास ही मृतक का पिकअप वाहन खड़ा मिला। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि सुनील लघुशंका के लिए वाहन से बाहर निकला होगा और इसी दौरान संभवत: पैर फिसलने से वह नाले में गिर गया होगा।

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस हादसे समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।