उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस बदलाव के तहत निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों का तबादला किया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह कदम राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा कि यह फेरबदल प्रदेशभर में स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए किया गया है। अधिकारियों की नई तैनाती से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार की उम्मीद जताई गई है।
फेरबदल के तहत जिन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ दी गईं, उनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं: तबादलों में प्रमुख नाम और उनकी नई जिम्मेदारियां:
डॉ. शिखा जंगपांगी को निदेशक, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, देहरादून नियुक्त किया गया है।
डॉ. चंद्र प्रकाश त्रिपाठी को निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, गढ़वाल मंडल, पौड़ी बनाया गया है।
डॉ. रमेश चंद्र पंत को अपर निदेशक, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. प्रवीण कुमार और डॉ. प्रीति पंत को संयुक्त निदेशक, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय नियुक्त किया गया है।
डॉ. शिवमोहन शुक्ला को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पौड़ी बनाया गया है।
डॉ. नवीन चंद्र तिवारी को प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अल्मोड़ा बनाया गया है।
डॉ. अजय कुमार को चिकित्सा अधीक्षक, क्षयरोग आश्रम, गेठिया, नैनीताल नियुक्त किया गया है।
डॉ. पुरुषोत्तम राम पांडे को प्रमुख परामर्शदाता, उप जिला चिकित्सालय, खटीमा की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. सुरेश कोठियाल और डॉ. संजय कंसल को अपर निदेशक, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय बनाया गया है।
डॉ. उत्तम सिंह खारोला को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उप जिला अस्पताल, ऋषिकेश नियुक्त किया गया है।
डॉ. यतेंद्र सिंह, डॉ. मनोज कुमार तिवारी, डॉ. विजय सिंह पंवार, डॉ. मनु जैन, डॉ. मनोज बडोनी और डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा को विभिन्न जिला चिकित्सालयों और उप जिला अस्पतालों में प्रमुख परामर्शदाता और चिकित्सा अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।
इस फेरबदल को राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवा सुधार नीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन बदलावों के बाद जिलास्तर पर चिकित्सा सुविधाएं अधिक सशक्त और सुलभ होंगी।