उत्तराखंड के पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के अंदर एक व्यापारी का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह आसपास के व्यापारियों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है और दुकानदार अंदर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने तत्काल पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या बाहरी घाव के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे शहर में अफरा-तफरी और चर्चाओं का माहौल है। वहीं धारा रोड स्थित दुकान में व्यापारी की मौत से स्थानीय व्यापारियों में शोक व्याप्त है। व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि एक व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी सच सामने आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं और इस कठिन समय में मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।



Subscribe Our Channel











