उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा लहराते हुए फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी पर नजर रखी हुई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को नशा, ड्रग्स, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर ने कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और चौकी बिगवाड़ा की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 9 मार्च को एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बृजेश यादव (22) पुत्र जितेंद्र यादव, निवासी भगवाड़ा भाटा, थाना रुद्रपुर, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने होली के दौरान अवैध तमंचा लहराते हुए अपनी फोटो खिंचवाई थी और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
चौकी बिगवाड़ा प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शस्त्रों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।



Subscribe Our Channel











