उत्तराखंड में वायरल ऑडियो से मचा बवाल, विधायक के भाई समेत दो पर मुकदमा दर्ज

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की चकराता विधानसभा क्षेत्र से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

त्यूणी क्षेत्र के छुमरी निवासी बालक राम ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें फोन कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत में गाली-गलौज करने और मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है।

मामले को लेकर बालक राम ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और भाजपा के अन्य नेताओं के साथ एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से मुलाकात कर प्रार्थनापत्र सौंपा था। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी ने शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

वहीं, प्रकरण सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीड़ित की बेटी से फोन पर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर चमन सिंह और राजपाल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।

चमन सिंह चकराता विधायक प्रीतम सिंह के भाई और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हैं, जबकि राजपाल सिंह पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। बालक राम ऊर्जा निगम में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। एसएसपी ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।