उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अभी भी तल्ख बना हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से आवाजाही बाधित हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताते हुए भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान भी कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है।
भारी बारिश और भूस्खलन का असर चारधाम यात्रा पर भी पड़ा है। रुद्रप्रयाग जिले में मलबा आने के कारण केदारनाथ राजमार्ग बाधित हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को फिलहाल विभिन्न पड़ावों पर ही रोक दिया है। मार्ग खुलने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने और संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।



Subscribe Our Channel











