उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों काफी खुशनुमा बना हुआ है। सुबह और शाम गुलाबी ठंड के बीच दिन में लोग गुनगुनी धूप का आनंद उठा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क है और इसी कारण धूप तेज और तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
पर्वतीय अंचलों में धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली जारी है, लेकिन होली के बाद इन जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2–3 दिनों में राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 1–2°C की बढ़ोतरी हो सकती है।
मैदान क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है, जबकि पर्वतीय इलाकों में यह सामान्य से काफी अधिक बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार पूरे प्रदेश में छह मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सात मार्च को पर्वतीय इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुष्क मौसम के कारण सामान्य तापमान में 6–7 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जिससे लोगों को ठंडी सुबहों के साथ धूप का मज़ा लेने का मौका मिलेगा।



Subscribe Our Channel











