घर से रहस्यमय ढंग से गायब हुई 20 वर्षीय युवती, साथ ले गई बड़ी बहन के कीमती गहने

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में 20 वर्षीय युवती के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के अचानक घर से गायब होने और अपने साथ बड़ी बहन के कीमती आभूषण ले जाने के आरोप से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।

मामला बिलौना गांव का है। पुलिस को दी गई तहरीर में युवती के पिता ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी 21 नवंबर की तड़के करीब तीन बजे घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई। आरोप है कि जाते समय वह अपनी बड़ी बहन के कुछ कीमती आभूषण भी साथ ले गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है।

परिजनों की ओर से 24 नवंबर को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार लापता युवती का रंग सांवला, कद करीब साढ़े चार फीट है। घर से निकलते समय उसने हरे रंग का पाजामा और काले रंग की हुडी पहनी हुई थी।

पुलिस ने गुमशुदगी और आभूषण ले जाने के आरोप से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती की तलाश की जिम्मेदारी अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह रावत को सौंपी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।