रास्ता रोकने पर भड़का दंपति, महिला ने एएसआई को जड़ा थप्पड़

4
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था संभाल रहे एएसआई के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैरागी कैंप की ओर जाने से रोके जाने पर कार सवार दंपति ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इसी दौरान महिला ने एएसआई को थप्पड़ जड़ दिया, जबकि उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी पर रौब झाड़ा और धमकी दी। पुलिस ने एएसआई की तहरीर पर दंपति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान एक कार में सवार पति-पत्नी बैरागी कैंप की ओर जाने लगे। यातायात व्यवस्था के तहत ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस बात को लेकर दंपति पुलिसकर्मी से उलझ गया और बहस करने लगा।

आरोप है कि बहस के दौरान दंपति ने एएसआई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इसी बीच महिला ने एएसआई को थप्पड़ मार दिया। वहीं, उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी को धमकाया। दंपति ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास भी किया।

घटना के बाद एएसआई ने कनखल पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंपति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।