उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए सितारगंज निवासी आइलेट सेंटर संचालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सितारगंज के लौका गांव निवासी अनुज कंबोज (22) पुत्र जगतार सिंह अपना आइलेट सेंटर संचालित करता था। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से अपने सेंटर से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे पहले सितारगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए रुद्रपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, अनुज परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता दिव्यांग हैं, जिसके कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। हादसे में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक की लहर है।



Subscribe Our Channel











