उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों आशु, अखिल गिरी उर्फ अंकुर और राममिलन को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथा आरोपी उत्तम गिरी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हत्या के पीछे मुख्य वजह अवैध संबंधों को लेकर ब्लैकमेलिंग और मंदिर की गद्दी पर कब्जे की साजिश थी।
एसएसपी के अनुसार, 21 जुलाई को मंदिर के सेवादार उत्तम झा ने दो साधुओं पारस गिरी और सेवा गिरी के लापता होने की सूचना दी थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसने रात के समय मंदिर के पास जंगल में उत्तम गिरी और आशु को गड्ढा खोदते हुए देखा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि 18 जुलाई की रात मंदिर में पारस गिरी, सेवा गिरी, मुख्य पुजारी अखिल गिरी, उत्तम गिरी, आशु और राममिलन ने एक साथ शराब पी थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य पुजारी अखिल गिरी और उत्तम गिरी के बीच अवैध संबंध थे, जिसकी जानकारी पारस गिरी को हो गई थी। इसके बाद पारस गिरी और सेवा गिरी कथित तौर पर अखिल गिरी को ब्लैकमेल करने लगे और मंदिर की गद्दी हासिल करना चाहते थे।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई की रात अखिल गिरी ने पहले सेवा गिरी को औपचारिक रूप से पगड़ी पहनाकर मंदिर की गद्दी का उत्तराधिकारी घोषित किया, लेकिन इसके बाद चारों आरोपियों ने दोनों साधुओं की हत्या की साजिश रच डाली। आरोपियों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए, फिर गन्ना काटने वाली पाठल से सेवा गिरी और पारस गिरी का गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दबा दिया। हॉल में फैले खून के निशान साफ किए और खून से सने गद्दे को बाहर ले जाकर जला दिया। वारदात के दौरान उन्हें गड्ढा खोदते हुए सेवादार उत्तम झा ने देख लिया था, जिसे आरोपियों ने धमकाते हुए मोबाइल और सिम तोड़कर कहीं दूर चले जाने की चेतावनी दी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पाठल और शव दफनाने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है। फरार आरोपी उत्तम गिरी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Subscribe Our Channel











