उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला चौक पर राजस्थान से टाइल्स लेकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार पर पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और वे धू-धू कर जलने लगे। आग की ऊंची लपटें और तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग लगने से पहले ही ट्रक चालक वाहन से कूद गया था, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। जिस कार पर ट्रक पलटा, उसमें उस समय कोई सवार नहीं था।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक राजस्थान से टाइल्स लेकर देहरादून आ रहा था। आशारोड़ी से आगे ढलान पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और चालक काफी प्रयासों के बावजूद वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बेकाबू ट्रक मोहब्बेवाला में खड़ी कार से टकराने के बाद पलट गया।
घायल चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, क्योंकि वह बेहोश है। पुलिस ट्रक की आरसी में दर्ज नंबरों के आधार पर संपर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन मोबाइल फोन बंद आ रहा है। क्षतिग्रस्त कार मारूति सुजुकी की ब्रेजा मॉडल बताई जा रही है, जिसे भगवानपुर निवासी व्यक्ति ने होटल के बाहर खड़ा किया था। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।



Subscribe Our Channel











