शिक्षा निदेशक से विवाद के बाद बड़ा एक्शन, हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी दबोचे

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के कार्यालय में हुए हंगामे और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना रायपुर पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली सहित लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, घटना में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और तोड़फोड़ के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की।

यह घटना 21 फरवरी को रायपुर क्षेत्र के ननूरखेडा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई थी। जानकारी के अनुसार, उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक विद्यालय का नाम भूमि दानदाताओं के नाम पर रखे जाने के मुद्दे पर चर्चा करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने कार्यालय में कुर्सियां व अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की। इस दौरान मौजूद कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आईं।

मामले में निदेशक अजय कुमार नौडियाल की शिकायत पर विधायक और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, विधायक के गनर कांस्टेबल सुशील रमोला की तहरीर पर भी निदेशालय के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।