हल्द्वानी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्रा और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी और एसओजी की संयुक्त टीम ने भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 221 ग्राम अवैध स्मैक और अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35) निवासी ग्राम बैड़ा, थाना द्वाराहाट, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई, जो वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहा था। बरामद स्मैक की कीमत करीब 66 लाख रुपये आंकी गई है, साथ ही 14,520 रुपये नकद भी मिले हैं, जिन्हें ड्रग्स बिक्री से जुड़ा माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 1500 रुपये का पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया है।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने राजपुरा क्षेत्र से 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गुलशन (28) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा बनभूलपुरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरगलिया रोड से मेराज अली (45) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं और उसके विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel










