आय कम दिखाने का खेल फेल, हल्द्वानी में फर्जीवाड़ा आया सामने

17
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी में एक बार फिर प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस बार स्थायी निवास प्रमाण पत्र के लिए दिए गए दस्तावेज में आय से संबंधित जानकारी में ओवरराइटिंग कर हेरफेर करने का प्रयास किया गया, जिसे समय रहते पटवारी ने पकड़ लिया।

मामले के अनुसार, वार्ड नंबर 11 के पार्षद रवि जोशी ने बद्रीपुरा निवासी संजय आर्या (पुत्र स्व. एसके आर्या) के स्थायी निवास प्रमाण पत्र हेतु वर्तमान पते के सत्यापन के लिए पत्र जारी किया था। आरोप है कि इस पत्र में संजय आर्या ने ओवरराइटिंग करते हुए अपनी मासिक आय मात्र चार हजार रुपये दर्शा दी।

जांच के दौरान जब संबंधित पटवारी की नजर इस ओवरराइटिंग पर पड़ी तो उन्होंने पार्षद रवि जोशी से संपर्क किया। पार्षद ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा आय संबंधी कोई जानकारी प्रमाणित नहीं की गई थी। इसके बाद पूरे मामले में फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।

घटना सामने आने के बाद यह मामला उच्चाधिकारियों के पास पहुंच गया है। अधिकारियों ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की बात कही है।साथ ही इस मामले में संबंधित सीएससी सेंटर संचालक की भूमिका की भी जांच कराने की बात कही गई है। फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।  इधर पार्षद रवि जोशी का कहना है कि वह पूर्व में भी जिलाधिकारी से फर्जी प्रमाण पत्रों की जांच की मांग कर चुके हैं।