‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी सफलता: 558 किलो गांजे के साथ अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। इस ऑपरेशन में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से नशे की खेप लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।

उधम सिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह सफलता हासिल की। 18 अप्रैल 2026 को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बागवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कैंटर (UP81 FT 5851) को रोका।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सुतली रस्सियों और अन्य सामान के बीच छिपाकर रखे गए 18 कट्टों और 3 स्कूल बैगों से कुल 558.78 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.80 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मौके से तीन आरोपियों—संजय गुप्ता (किच्छा), डीटू यादव (मैनपुरी) और मोहित यादव (मैनपुरी)—को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से पांच मोबाइल फोन और करीब 29,880 रुपये नकद भी बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से लाया गया था और इसे रुद्रपुर में स्थानीय तस्करों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का उद्देश्य नशे की खेप को चारधाम यात्रा और हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ मेले के दौरान खपाना था।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक संजय गुप्ता का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही है।