पकड़ा गया नकली आयुर्वेदिक डॉक्टर का काला कारख़ाना, करोड़ों की दवाइयां जब्त

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित त्रिफला हर्बल सेंटर में फर्जी आयुर्वेदिक क्लीनिक और अवैध दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। जांच में सामने आया कि यह केंद्र पिछले 5 सालों से देशभर में ऑनलाइन मिलावटी आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाइयों की सप्लाई कर रहा था।

केंद्रीय आयुष मंत्रालय की टीम ने 20 फरवरी को उत्तराखंड आयुष विभाग के सहयोग से इस सेंटर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में अवैध दवाइयां, लेबलिंग सामग्री और एक करोड़ रुपए नकद बरामद हुए।

जांच में पाया गया कि क्लीनिक संचालक खुद को रजिस्टर्ड चिकित्सक के रूप में प्रचारित कर रहा था, जबकि उसके पास आयुष पद्धति में कोई वैध डिग्री नहीं थी। वह एक्यूप्रेशर के नाम पर शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का इलाज करता और खुद तैयार की हुई दवाइयों को देशभर सप्लाई करता था।

उत्तराखंड आयुष विभाग के संयुक्त निदेशक केएस नपलच्याल ने बताया कि छापेमारी में ग्राइंडर, मिक्सर और तमाम लेबलिंग सामग्री मिली। कई होम्योपैथिक दवाइयां भी बिना वैध सेल लाइसेंस के बनाई और बेची जा रही थीं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि इन दवाओं के सेवन से कुछ लोगों को साइड इफेक्ट्स भी हुए हैं।

आधिकारिक कार्रवाई में सभी दवाइयां सीज और फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। जिला कोर्ट में संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की अर्जी दी गई है। इसके अलावा केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आदेश दिया है।