हल्द्वानी-रामनगर राज्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे बेलगढ़ के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वेगनआर कार का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा वेगनआर कार (UK04X 5944) और स्विफ्ट डिजायर कार (UK14TA 8715) के बीच हुआ। स्विफ्ट डिजायर रामनगर की ओर जा रही थी, जबकि वेगनआर कार हल्द्वानी से रामनगर की ओर आ रही थी। चालक विजय बिष्ट ने बताया कि टक्कर उस समय हुई जब वेगनआर कार तेज रफ्तार में एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। ओवरटेक के दौरान वेगनआर अनियंत्रित हो गई और सीधे उनकी कार से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बिष्ट ने बताया कि उनकी कार के एयरबैग खुलने के कारण गंभीर चोट से बचाव हुआ। उन्होंने कहा, “अगर एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।”
हादसे के कारण रामनगर–हल्द्वानी राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की कार्रवाई के बाद यातायात सुचारू किया गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगा रही है।



Subscribe Our Channel











