उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवक द्वारा पहचान छुपाकर महिला से बातचीत करने के मामले ने अचानक तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। मामला सामने आने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल बिगड़ने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, महिला ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि एक युवक ने पहले स्वयं को हिंदू बताकर उससे बातचीत की, जबकि बाद में उसकी असली पहचान मुस्लिम युवक के रूप में सामने आई। महिला ने यह भी बताया कि युवक उसके घर के आसपास पहुंच गया था, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार और कांस्टेबल दिनेश ध्यानी मौके पर पहुंचे। इस दौरान इलाके में स्थानीय लोग और कुछ संगठन के कार्यकर्ता भी इकट्ठा हो गए थे, जिससे तनाव और बढ़ गया। भीड़ में युवक के साथ हाथापाई की स्थिति भी बन गई।
पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर भीड़ को नियंत्रित किया और युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि समय पर कार्रवाई नहीं की जाती तो कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती थी।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सोहेल पुत्र सरफराज, निवासी इस्लामनगर वार्ड नंबर 03, थाना खटीमा, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे के अनुसार, पुलिस की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई। वहीं, जानकारी के मुताबिक महिला और उसके परिजनों ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई न करने संबंधी लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया है।



Subscribe Our Channel











