उत्तराखंड में गर्मी का कहर: इस जिले में आंगनबाड़ी और स्कूलों के समय में बदलाव

119
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। यह निर्णय बच्चों और संवेदनशील समूहों को भीषण गर्मी के प्रभाव से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी और हीट वेव की आशंका जताई है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

स्थिति को गंभीर मानते हुए उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों के समय में अस्थायी बदलाव का आदेश जारी किया है। यह निर्णय विशेष रूप से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

आदेश के अनुसार 22 अप्रैल से अगले एक सप्ताह तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगी। वहीं कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक खुलेंगे।

प्रशासन ने साफ किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और मौसम की स्थिति के अनुसार इसमें आगे बदलाव किया जा सकता है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।