देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में शनिवार को छात्रसंघ समारोह के दौरान एक अप्रिय घटना सामने आई। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस मौके पर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने भी लाइव प्रस्तुति देकर छात्रों का मनोरंजन किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवाओं की ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि छात्र केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उन्होंने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए छात्रों को प्रेरित किया।
हालांकि, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से निकलने के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया। समारोह के दौरान डांस कर रहे छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गया। इस दौरान एक छात्र, गौरव, को चाकू लग गया।
घायल छात्र को तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी में ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



Subscribe Our Channel










