चारधाम यात्रा का शुभारंभ: अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का शुभारंभ अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को विधिवत रूप से हो गया। इस पावन दिन पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। गंगोत्री धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा अर्पित की गई, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं गंगोत्री पहुंचकर माँ गंगा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

बुधवार सुबह 10:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम के कपाट विधिविधान से पूजा-अर्चना के साथ खोले गए। कपाट खुलते ही पूरे धाम परिसर में “हर-हर गंगे” के जयघोष गूंज उठे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसी के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट भी धार्मिक परंपराओं के अनुसार खोल दिए गए। धाम में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा और माँ यमुना के दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। कपाटोद्घाटन के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान भी जारी है।

अब आगामी छह महीनों तक श्रद्धालु माँ गंगा और माँ यमुना के दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा में भक्तों की आस्था और सहभागिता का सिलसिला औपचारिक रूप से आरंभ हो गया है।