मतदाता सूची पर सवाल, कांग्रेस का प्रदर्शन: काली पट्टी बांधकर लोकतंत्र बचाने की उठाई आवाज

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ जनजागरण अभियान के तहत गुरुवार को हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने जनजागरण मार्च निकाला। विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता बुद्ध पार्क तिकोनिया से एसडीएम कोर्ट तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और मताधिकार की रक्षा, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लोकतंत्र की मजबूती के समर्थन में नारेबाजी की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और मताधिकार के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर निर्वाचन आयोग को स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार दिया है और इस अधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संघर्ष को दबाने के लिए भाजपा की ओर से दमनकारी रवैया अपनाया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार मिला है। आज इस अधिकार की रक्षा का सवाल सामने है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी समाधान होना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब बूथ और वार्ड स्तर पर अभियान को आगे बढ़ाएंगे। लोगों को मतदाता सूची में अपने और परिवार के सदस्यों के नाम जांचने तथा किसी भी तरह की विसंगति मिलने पर संबंधित अधिकारियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट महत्वपूर्ण है और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता व जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।

मार्च में प्रदेश उपाध्यक्ष मधु सांगुड़ी, प्रदेश महासचिव भागीरथी बिष्ट, प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी व कानू बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, विधायक प्रतिनिधि जीवन कार्की, BLA-1 डॉ. मयंक भट्ट, महानगर कांग्रेस एससी विभाग अध्यक्ष शंकर कोहली, खजान पांडे, हेमंत साहू, मनोज भट्ट, संदीप बिनवाल, पार्षद मोना शर्मा, मोहम्मद गुफरान, नीमा भट्ट, मंजू पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।