सीएम धामी- पीएम मोदी मुलाकात: उत्तराखंड के विकास को लेकर बड़ी चर्चा

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात की जानकारी मुख्यमंत्री ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की और तस्वीरें भी पोस्ट कीं।

बैठक के दौरान सीएम धामी ने राज्य को मिल रहे केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टिहरी स्थित मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बदरी गाय का घी, विभिन्न जिलों की राजमा और शहद भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के तहत फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क में चौरासी कुटिया के विकास, पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई पट्टी और चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

इसके अलावा उन्होंने देहरादून और आसपास की महत्वपूर्ण परियोजनाओं—रिंग रोड, देहरादून-मसूरी मार्ग, ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और चम्पावत बाईपास—की स्वीकृति के लिए भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा इन परियोजनाओं पर की जा रही प्रगति की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड को ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। चोपता, दुग्गलबिट्ठा, शारदा कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों में इस दिशा में काम जारी है, जबकि रामनगर, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोकप्रिय स्थल बन चुके हैं।

सीएम धामी ने राज्य में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (Spiritual Economic Zone) विकसित करने, शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने और साहसिक पर्यटन गतिविधियों—जैसे रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और कयाकिंग—को प्रोत्साहित करने की जानकारी दी। साथ ही “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री ने कई अहम प्रस्ताव भी रखे। इनमें दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का विस्तार, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन डबलिंग और ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक नई रेल लाइन शामिल हैं। इसके अलावा टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा गया।

मुख्यमंत्री ने रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना, रायवाला क्षेत्र में पुल निर्माण और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार जैसे प्रस्तावों पर भी केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामरिक स्थिति और उपलब्ध संसाधन इसे इस दिशा में उपयुक्त बनाते हैं।

अंत में सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को राज्य में प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलेगी।