उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में प्राचीन अटारिया मंदिर परिसर के बाहर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मंदिर परिसर के बाहर नमाज अदा कर रहे शाहिद पुत्र मोहम्मद जान के साथ कथित रूप से मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
शाहिद रुद्रपुर के रेशमबाड़ी इलाके में अपने मकान पर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। रमजान के चलते काम के दौरान उन्होंने मंदिर के पास एक स्थान पर नमाज पढ़ी। इस दौरान मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने कथित रूप से उन्हें वहां नमाज पढ़ने से मना किया। आरोप है कि कहासुनी के बाद मारपीट और गाली-गलौज हुई।
घटना के बाद शाहिद ने अपने समुदाय के लोगों के साथ सिडकुल चौकी पहुंचकर तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शाहिद का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।
मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा ने कहा कि शाहिद कई दिनों से लगातार मंदिर के बाहर नमाज पढ़ रहे थे। उन्हें बार-बार मना किया गया, लेकिन उन्होंने नहीं माना और मंगलवार को फिर गाली-गलौज शुरू कर दी।
पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र चौधरी ने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











