कालाबाजारी पर शिकंजा, हल्द्वानी में अवैध गैस रिफिलिंग करते तीन गिरफ्तार

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में पूर्ति विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ बनभूलपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान घरेलू गैस की कालाबाजारी की शिकायत सामने आई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के क्रम में रविवार को जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र के लाइन नंबर-सात में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो दुकानों में घरेलू रसोई गैस सिलिंडरों से छोटे सिलिंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत शिवम, शादाब और मुसैब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।

छापेमारी के दौरान टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय जोशी, पूर्ति निरीक्षक राहुल सिंह डांगी, जगमोहन नेगी, ललित मेर, सुबोध त्रिपाठी और गौरव जोशी भी मौजूद रहे।