उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में संत निरंकारी भवन के पास नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह राहगीरों की नजर नाले के किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह संत निरंकारी भवन के पास लोगों ने नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने नाले से शव को बाहर निकालकर आसपास मौजूद लोगों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया हो, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



Subscribe Our Channel











