शिक्षा, स्टार्टअप और नवाचार पर धामी का फोकस, कई बड़ी घोषणाएं

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन और नए भवन से छात्रों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और संकल्प से भारत सुरक्षित और सशक्त बनेगा। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं, बल्कि उन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्थान की स्थापना के समय नारायण दत्त तिवारी ने पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की जो अपेक्षा जताई थी, संस्थान उसी दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी रचनात्मकता और नवाचार का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान वर्षों से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और यहां के छात्र देश-विदेश में उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। कई छात्र प्रशासनिक सेवाओं, सेना और स्टार्टअप्स में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं—स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन—का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पहल युवाओं को रोजगार देने वाला बना रही हैं।

राज्य सरकार की पहलों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने के साथ ही एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। प्रदेश में मॉडल कॉलेज, छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है। साथ ही ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और शोध प्रोत्साहन योजना के जरिए नवाचार और रिसर्च को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान में ड्रोन लैब की स्थापना और कंप्यूटर विभाग के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपये, तथा ऑडिटोरियम फर्नीचर के लिए अतिरिक्त 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र के विकास हेतु कई घोषणाएं की गईं, जिनमें भीमताल में उप तहसील की स्थापना, ओखलकाण्डा में आयुर्वेदिक चिकित्सालय, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीनें, लेटीबुंगा व सतबुंगा में कोल्ड स्टोर, तथा रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में मंडियों का निर्माण शामिल है। साथ ही ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम भी बनाए जाएंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।