उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियातन मंगलवार को जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यधिक तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 21 जुलाई को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन तथा मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



Subscribe Our Channel











