शादी का झांसा, गर्भवती होने का दावा- हल्द्वानी कोतवाली में हुआ हंगामा

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप को लेकर हल्द्वानी कोतवाली में कई घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। हल्द्वानी निवासी एक युवती ने अल्मोड़ा के रहने वाले युवक पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक अल्मोड़ा का रहने वाला है और हल्द्वानी में नौकरी करता है। करीब एक वर्ष पहले दोनों की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। उसने यह भी दावा किया कि वह दो माह की गर्भवती है।

कोतवाली में युवक के परिजन लंबे समय तक युवती को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह शादी की मांग पर अड़ी रही। युवती ने स्पष्ट कहा कि यदि युवक शादी के लिए तैयार नहीं हुआ तो वह उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी।

इसी दौरान युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी बहन भावुक होकर रोने लगी। वह कभी अपने भाई तो कभी युवती को लेकर नाराजगी जताती रही। परिजन लगातार उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे।

काफी देर चली बातचीत के बाद देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद युवती ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया और कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग हैं और तहरीर नहीं मिलने के कारण आगे की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि युवती की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद युवती ने कार्रवाई से इनकार कर दिया।