बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन का फर्जी टि्वटर अकाउंट बनाकर किये गलत पोस्ट, एफआईआर दर्ज

384
खबर शेयर करें -

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने टि्वटर पर उनके नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इस फर्जी टि्वटर हैंडल से मुंबई पुलिस, उसके प्रमुख परमबीर सिंह को बदनाम करने के लिए पोस्ट की गई हैं। साथ ही सिंह की ऐसी तस्वीरें पोस्ट की गई हैं, जिनमें छेड़छाड़ की गई है।
मुंबई पुलिस की साइबर सेल के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि रवीना टंडन के नाम से फर्जी टि्वटर प्रोफाइल बनाया गया है। इससे आरोपी ने मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह का एक वीडियो बनाया और साथ ही अपमानजनक सामग्री पोस्ट की। आरोपी ने मराठी भाषा और मराठी बोलने वालों का भी अपमान किया। इस मामले में आईटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। टि्वटर ने इस हैंडल को ब्लॉक कर दिया है।


बॉट के इस्तेमाल की आशंका


एक दूसरे अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच में पाया गया है कि मुंबई पुलिस और राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए संभवत: बॉट का इस्तेमाल किया गया है। बता दें बॉट एक सॉफ्टवेयर प्रोग्राम होता है। बॉट्स का उपयोग आमतौर पर कुछ कार्यों को स्वचालित करने के लिए किया जाता है। मतलब यह मनुष्यों से विशिष्ट निर्देशों के बिना चल सकते हैं। हालांकि, यह अवैध नहीं हैं।