देहरादून: ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग से आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी ली और कार्रवाई की समीक्षा की।
जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल की मध्य रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) के घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचने पर कार चालक पीली कोठी की ओर से हाईवे की तरफ भागने लगा। आरोपी ने हर्रावाला चौकी पर बैरियर तोड़ते हुए हरिद्वार की ओर वाहन दौड़ा दिया।
एसएसपी के निर्देश पर सभी चेक पोस्टों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी की कार कुआंवाला से करीब एक किलोमीटर आगे हाईवे किनारे एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
घायल बदमाश के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को पुलिस ने सीज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ पुत्र मौसमनाथ, निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, हरिद्वार (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी कोतवाली डोईवाला और रानीपोखरी क्षेत्र में चोरी के मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ चोरी व आर्म्स एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इसी बीच, एक अलग मामले में थाना राजपुर क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड से जुड़े फरार दो आरोपियों को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों से पूछताछ की थी।



Subscribe Our Channel










