एक्शन मोड में सीएम धामीः खुद पहुंचे शिकायत स्थल, वीडियो कॉल से दिखाई हकीकत

12
खबर शेयर करें -

देहरादून: सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त और अलग अंदाज में पहल करते हुए खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि जन समस्याओं को कागजों में नहीं, जमीन पर हल किया जाए।

जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड क्षेत्र में अंडरग्राउंड बिजली लाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए फुटपाथ को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि निर्माण कार्य के बाद ठीक से मरम्मत नहीं होने के कारण फुटपाथ की टाइल्स धंस गई हैं, जिससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को निर्धारित समीक्षा बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री सीधे जाखन पहुंच गए। उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मौके की स्थिति देखी और मोबाइल फोन के जरिए अधिकारियों को वीडियो कॉल पर वास्तविक हालात दिखाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लापरवाही पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम करें। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड लाइन होने के बावजूद कई जगह तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बार-बार खुदाई और अधूरे काम से जनता को परेशानी होती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होती है। उन्होंने इस तरह की समस्याओं के स्थायी समाधान पर जोर दिया।

पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में इस तरह की शिकायतों के समाधान के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए और मुख्य सचिव को अन्य स्थानों की भी समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।