उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रूद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गैस रिसाव के चलते एक घर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना वार्ड नंबर 8 स्थित चामुंडा मंदिर क्षेत्र में सुबह के समय हुई। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में गैस रिसाव होने के कारण आग लगी, जिसकी चपेट में आकर परिवार के सदस्य झुलस गए। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
इस हादसे में देवकी (लगभग 50 वर्ष), अनीता (30 वर्ष), संगीता देवी (21 वर्ष), पारुल (3 वर्ष) सहित एक अन्य महिला झुलस गईं। सभी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। हालांकि कुछ मरीज 15 से 40 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फायर सर्विस के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण गैस रिसाव माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और चूल्हे का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें। गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत रेगुलेटर बंद करें, बिजली के स्विच का उपयोग न करें और खिड़कियां-दरवाजे खोलकर गैस को बाहर निकलने दें। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।


Subscribe Our Channel











