संपर्क क्रांति ट्रेन में दहशत: कर्मचारियों से नकदी लूटकर कूदे बदमाश

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के यात्रियों के साथ चलती ट्रेन में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां रुद्रपुर से दिल्ली जा रहे दो कर्मचारियों से हथियारों के बल पर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए गए। घटना के बाद पूरे रेलवे रूट पर हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी निवासी जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह बुधवार सुबह संपर्क क्रांति ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। दोनों ऑटोमोबाइल पार्ट्स की खरीद के लिए जा रहे थे और उनके पास लगभग 7 लाख रुपये नकद थे, जिसे उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से बेल्ट में छिपाकर रखा था।

बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति भी उसी कोच में सवार हुए और लगातार दोनों कर्मचारियों पर नजर बनाए हुए थे। जैसे ही ट्रेन उत्तर प्रदेश के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास धीमी हुई, बदमाशों ने अचानक दोनों को घेर लिया और तमंचा-पिस्टल की नोक पर रकम लूट ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की और फिर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ितों ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

इस घटना को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर आरपीएफ से मुलाकात की और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।